बहराइच के सिविल लाइन क्षेत्र में आयोजित रेसलिंग एकेडमी में पदक के साथ मौजूद खिलाड़ी व कोच।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। जिले के आठ खिलाड़ी प्रदेश स्तरीय रेसलिंग प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए बुलंदशहर पहुंचे। यहां पर आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में तीन खिलाड़ियों ने परचम फहराया है। विभिन्न वर्ग में आयोजित रेसलिंग में मोनू को सिल्वर, देवेश और आदित्य को ब्रांज मेडल मिला। देर शाम मुख्यालय पहुंचने पर साथी खिलाड़ियों ने उनका स्वागत किया। सांसद समेत अन्य लोगों ने हर्ष जताया है।
शहर के हुजूरपुर रोड स्थित गोनार्द लॉन में लवकुश रेसलिंग खिलाड़ियों को सांसद कैसरगंज बृजभूषणशरण सिंह की ओर से प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। लवकुश रेसलिंग एकेडमी के कोच प्रवीन कुमार यादव व रामविलास की अगुवाई में आठ खिलाड़ी प्रतिभाग करने के लिए बुलंदशहर गए। प्रतियोगिता 17 से 19 अक्तूबर तक चली।
बुलंदशहर में आयोजित प्रदेश स्तरीय रेसलिंग टूर्नामेंट में बालक वर्ग 14 आयु में मोनू यादव ने 35 किलोग्राम भार में सिल्वर मेडल प्राप्त किया। जबकि रेसलिंग खिलाड़ी देवेश कुमार गौतम 41 किलोग्राम और आदित्य गुप्ता को 44 किलो भार वर्ग में ब्रांज मेडल मिला। सोमवार देर शाम सभी खिलाड़ी रेसलिंग एकेडमी पहुंचे। यहां पर साथी खिलाड़ियों ने हर्ष जताते हुए मिठाई बांटी। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सांसद कैसरगंज बृजभूषणशरण सिंह व प्रतिनिधि सुनील सिंह ने हर्ष जताया है। इस मौके पर मन्नू सिंह, बजरंगी सिंह, अभिषेक सिंह आदि मौजूद रहे।