बौंडी। बहराइच-सीतापुर मार्ग पर सोमवार दोपहर दो ऑटो रिक्शा की आमने-सामने हुई टक्कर में किसान पीजी कॉलेज के बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र की मौत हो गई। ग्राम पंचायत गनियापुर के मजरा दुलम्हां निवासी रामकरन पांडेय का 21 वर्षीय पुत्र अवनीश पांडेय किसान पीजी कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। सोमवार को वह कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद ऑटो से घर लौट रहा था। दोपहर करीब एक बजे बहराइच-सीतापुर मार्ग पर दो ऑटो आमने-सामने से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें सवार अवनीश गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अवनीश को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच ले गए। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उसे लखनऊ लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अवनीश की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां सुधा पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।