विशेश्वरगंज के पुरैना बाजार में बिजली गिरने से क्षतिग्रस्त मकान।
बहराइच/विशेश्वरगंज। सोमवार दोपहर से जिले में छाए घने बादलों और रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच बिजली गिरने से पुरैना बाजार में एक ग्रामीण का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। तेज आवाज के साथ गिरी बिजली से विष्णु कश्यप के मकान की छत का एक कोना टूटकर नीचे गिर गया। घर में लगे पंखे, एलसीडी समेत विद्युत उपकरण भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के समय परिवार के लोग घर में मौजूद थे, लेकिन संयोग से सभी सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई।
सोमवार दोपहर बाद मौसम ने जिले में अचानक करवट ली। आसमान में घने बादल छा गए और जिले के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बूंदाबादी हुई और बौछारें पड़ीं। इसी दौरान विशेश्वरगंज थाना के पुरैना बाजार में बिजली गिरने से विष्णु कश्यप के मकान को नुकसान पहुंचा। बिजली गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मकान की छत का हिस्सा टूटने के साथ ही विद्युत उपकरणों के क्षतिग्रस्त होने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दी गई। तहसीलदार पयागपुर अंबिका प्रसाद चौधरी ने बताया कि संबंधित लेखपाल को मौके पर भेजकर क्षति का स्थलीय सत्यापन कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।