प्रदेश की बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल ने सोमवार को जिले में कई गेहूं क्रय केंद्रों और स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अव्यवस्थाएं मिलने पर वह बिफर पड़ीं। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बेगमपुर में सबसे ज्यादा गड़बड़ी मिली। जिसके चलते राज्यमंत्री ने पूरे स्टाफ का वेतन रोकने का निर्देश बीएसए को दिया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की हिदायत भी दी।
प्रदेश सरकार की बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल सोमवार सुबह कोषागार पहुंच गईं। वहां उन्होंने सभी पटल का मुआयना किया। मुख्य कोषाधिकारी रमेश चंद्र को मासिक अवकाशों का अंकन कराने के निर्देश दिए। तहसील परिसर के निरीक्षण में समुचित सफाई नहीं मिलने पर राज्यमंत्री बिफर पड़ीं।
उन्होंने एसडीएम कोर्ट, मीटिंग कक्ष, तहसीलदार न्यायिक का न्यायालय, रजिस्ट्रार कानूनगो अनुभाग सहित अन्य कक्षों एवं पटलों का निरीक्षण कर अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति देखी। अभिलेखों को समुचित तरीके से रखने की हिदायत दी। पुन: गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर उन्होंने कार्रवाई की चेतावनी दी। तहसील परिसर स्थित आबकारी गोदाम का भी उन्होंने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम प्रभारी आबकारी निरीक्षक वीवी मिश्र मौजूद नहीं थे। राज्यमंत्री ने गोदाम की सफाई के निर्देश दिए।
इसके बाद राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल ने गेहूं क्रय केंद्र साघन सहकारी समिति डीहा का निरीक्षण किया। जहां केंद्र प्रभारी राहुल शुक्ल के कक्ष में गंदगी मिली। पता चला कि आज से ही गेहूं की आवक शुरू हुई है। राज्यमंत्री ने कहा कि गेहूं क्रय केंद्र पर आने वाले किसानों को कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इसके बाद राज्यमंत्री पूर्व माध्यमिक विद्यालय डीहा पहुंचीं। जहां प्रभारी प्रधानाध्यापिका/सहायक अध्यापिका शिखा मिश्रा अवकाश पर मिलीं। जबकि अनुदेशक सुधा मिश्रा, दीपक कुमार व शाहजहां अंसारी उपस्थित मिले।
छात्र संख्या काफी कम होने पर उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे अभिभावकों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करें। यहां एक शिक्षिका की गोद में छोटा बच्चा देख राज्यमंत्री ने सुझाव दिया कि बच्चे की देखरेख के लिए अपने साथ सहायक लाएं, जिससे शिक्षण कार्य प्रभावित न हो। जांच के दौरान पता चला कि छात्रों को फल नहीं मिला। इस पर उन्होंने नाराजगी जतायी। बीएसए को मानक के अनुसार मिड-डे मील व फल वितरण कराने के निर्देश दिए।
यहां से राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बेगमपुर पहुंचीं। यहां निरीक्षण में काफी कमियां मिलीं। जिसके चलते उन्होंने पूरे स्टाफ का वेतन रोकने का निर्देश बीएसए को दिया। उपस्थिति पंजिका निरीक्षण में पार्ट टाइम शिक्षक राजेश कुमार का बिना हस्ताक्षर का अवकाश प्रार्थनापत्र मिला। इस पर राज्यमंत्री ने नाराजगी जताई। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल, बीएसए डॉ. अमरकांत सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।