फखरपुर (बहराइच)। पुलिस ने कस्बे में लखनऊ रोड पर पैदल गश्त करते हुए माइक द्वारा एनाउंसमेंट कर लोगों को लॉकडाउन के बारे में अवगत कराया। इसके साथ ही लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि सभी घर पर ही रहें ताकि कोराना महामारी से बचा जा सके। सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करें।
लॉकडाउन का पालन शुचितापूर्ण ढंग से कराने के लिए प्रभारी निरीक्षक फखरपुर अशोक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक यशवंत कुमार चौधरी, फिरोज आलम, अताउल्लाह व अवधराज की अगुवाई में 30 से अधिक पुलिस कर्मियों ने लखनऊ-बहराइच मार्ग पर पैदल मार्च किया। प्रभारी निरीक्षक ने कस्बे वासियों को संबोधित करते हुए कहा कि लॉकडाउन का सभी पालन करें। घर पर ही रहें जिससे कोरोना जैसी खतरनाक बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सके।
एसओ ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर ही खेत व खलिहान जाएं। घर में भी सामाजिक दूरी बनाएं। हाथ को साबुन से हर एक घंटे पर धुलते रहें जिससे संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। पुलिस ने लखनऊ-बहराइच मार्ग पर एक किलोमीटर तक पैदल गश्त कर सभी को लॉकडाउन के पालन की बात कही। इस दौरान सभी पुलिस कर्मी मौजूद रहे।