बहराइच रेलवे स्टेशन। -स्रोत : विभाग
बहराइच। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 19 करोड़ रुपये से बहराइच रेलवे स्टेशन के विस्तारीकरण और आधुनिकीकरण का काम शुरू हो गया है। इसके तहत यात्रियों को नई सुविधाएं मिलेंगी। प्लेटफार्मों पर धूप और बारिश से बचाव के लिए नए टिनशेड बनाए जाएंगे। रुपईडीहा तक आमान परिवर्तन के बाद ट्रेनों का संचालन शुरू होने से स्टेशन पर यात्रियों की संख्या भी बढ़ी है।
स्टेशन पर एक नया फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इससे यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे पर जाने में सहूलियत होगी। वहीं, वाहनों के लिए व्यवस्थित पार्किंग स्थल विकसित किया जाएगा, जिससे स्टेशन परिसर में जाम की समस्या कम होगी।
स्टेशन पर खड़ी होने वाली ट्रेनों में पानी की आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इससे ट्रेनों के शौचालयों और अन्य जरूरतों के लिए पानी उपलब्ध हो सकेगा। परिसर में कर्मचारियों और अधिकारियों के पुराने जर्जर आवास ढहाए जा रहे हैं। इनकी जगह तीन मंजिला इमारतें बनाई जाएंगी, जिससे कर्मचारियों को सुरक्षित आवास मिल सकेंगे।
यात्रियों को होगी सहूलियत
विस्तारीकरण का काम चल रहा है। नए टिनशेड बनने से यात्रियों को राहत मिलेगी। ट्रेनों के ठहराव के अनुसार सुविधाएं भी बढ़ाई जाएंगी।
-परशुराम, स्टेशन अधीक्षक