स्टेडियम में फुटबॉल का अभ्यास मैच खेलते खिलाड़ी।
बहराइच। शहर के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए फुटबॉल अभ्यास मैच में रोमांच अपने चरम पर रहा। स्टेडियम टीम और खेलो इंडिया टीम के बीच हुए कड़े मुकाबले में स्टेडियम टीम ने 3-2 से जीत दर्ज कर शानदार प्रदर्शन किया।
मुकाबले की शुरुआत से ही स्टेडियम टीम के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाते हुए बढ़त बनाई और लगातार दो गोल दागकर खेलो इंडिया टीम पर दबाव बनाया। हालांकि खेलो इंडिया टीम ने भी दमदार वापसी करते हुए दो गोल कर मुकाबले को बराबरी पर ला खड़ा किया।
निर्णायक क्षणों में स्टेडियम टीम के खिलाड़ियों ने संयम और रणनीति का बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंतिम समय में तीसरा गोल दाग दिया, जिससे टीम ने मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों का जोश और खेल भावना देखने लायक रही। रेफरी की भूमिका राकेश पासवान और विनोद कुमार ने निभाई। इस अवसर पर विशाल, आयुष, दिव्यांश, अंकुश, मयंक, शिवा पांडेय, सैफ अली और अनमोल सहित कई खिलाड़ी उपस्थित रहे।