बहराइच में भारत-नेपाल सीमा पर नोमेंस लैंड पर गश्त करती एसएसबी की टीम।
- फोटो : BAHRAICH
रुपईडीहा (बहराइच)। गोरखपुर जोन के आईजी की ओर से सीमावर्ती जिलों में अलर्ट के बाद नेपाल सीमा से सटे गांवों में गश्त तेज कर दी गई है। मंगलवार को एसएसबी जवानों ने जंगल से सटे गांवों में डाग स्क्वायड दस्ते के साथ सघन गश्त की। साथ ही जवानों ने पगडंडियों से आने-जाने वाले लोगों पर नजर बनाए रखी।
एसएसबी 42वीं वाहिनी के जवानों ने मंगलवार तड़के जंगल से सटे गांवों में गश्त की। दक्षिण भारत के दो आतंकवादियों के सीमा क्षेत्र से नेपाल जाने का अलर्ट मिलने के बाद सीमावर्ती थाने की पुलिस के अलावा एसएसबी के जवान सतर्क हैं। सुबह सीमा चौकियों पर तैनात एसएसबी जवानों ने नोमेंस लैंड पर गश्त की। इस दौरान शिवपुरा बार्डर आउट के इंस्पेक्टर रंजीत कुमार की अगुवाई में उपनिरीक्षक सोनू प्रसाद, सहायक उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, विकास कुमार, रमेश मेक आदि ने डाग स्क्वायड दस्ते में शामिल डॉग जैक व जिगर ने सीमा की सुरक्षा में जंगल से सटे गांवों में गश्त की।
जवानों ने भारत-नेपाल सीमा पर पिलर संख्या 31 से 36 तक सुरक्षा के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गश्त कर जांच पड़ताल की। वहीं, रुपईडीहा बीओपी के जवानों की ओर से भी विशेष चौकसी बरती गई। उप कमांडेंट शैलेश कुमार ने बताया कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैँ। साथ ही आने व जाने वाले राहगीरों को असुविधा न होने पाए, इसका भी ध्यान दिया जा रहा है। कमांडेंट प्रवीण कुमार ने बताया कि सीमा पर सुरक्षा के सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है, जिसमे डॉग स्क्वायड की सहायता भी ली जा रही है।