बौद्ध तीर्थस्थलों के भ्रमण पर आए श्रीलंका के श्रद्धालुओं के दल में शामिल एक पर्यटक की सोमवार रात तबियत बिगड़ने से मौत हो गई। दल श्रावस्ती से लखनऊ के लिए रवाना हुआ था। बस में सवार महिला पर्यटक को साथियों ने जिला अस्पताल बहराइच में भर्ती कराया था।
चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ समय बाद पर्यटक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव श्रीलंका भेजा जाएगा।
श्रीलंका के न्यूलिया निरदन दैना जिला के नासानल हाउस नंबर दो निवासी टिकरी मिनरे (70) पत्नी डब्ल्यूडब्ल्यू अरियार रतन्ना अन्य पर्यटकों के साथ भारत के बौद्ध तीर्थस्थलों के भ्रमण पर आई थी। यह दल 20 दिन पूर्व श्रीलंका से तमिलनाडु होते हुए बौद्ध तीर्थस्थल भ्रमण के लिए टूरिस्ट बस से रवाना हुआ था।
दल बनारस, कुशीनगर, सारनाथ होते हुए शनिवार को श्रावस्ती पहुंचा था। यहां पर रविवार को प्रवास करने के बाद सोमवार शाम तक पर्यटकों ने भ्रमण किया। इसके बाद रात आठ बजे के आसपास पर्यटकों का दल टूरिस्ट बस से रवाना हुआ। दल को लखनऊ, दिल्ली होते हुए तमिलनाडु पहुंचकर श्रीलंका जाना था।
पर्यटकों की बस जब देर रात इकौना पहुंची, तभी बस में सवार महिला पर्यटक टिकरी मिनरे की तबियत बिगड़ गई। उसे सांस लेने में तकलीफ, पेट में दर्द व शरीर में ऐंठन शुरू हुई। इस पर बस में सवार पर्यटकों ने पास मौजूद दवाइयां दी, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ।
बहराइच पहुंचने पर साथियों ने महिला पर्यटक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टर बसंत ने परीक्षण के बाद इलाज शुरू किया, लेकिन इसी दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। मंगलवार की सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।