भिनगा कोतवाली क्षेत्र के वर्गीवर्गा गांव के पास सोमवार की शाम तेज रफ्तार ट्रैक्टर से कुचलकर एक बच्चे की मौत हो गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने डायल 100 वाहन पर पथराव किया, जिसमें वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीण दुर्घटना करने वाले वाहन चालक को गिरफ्तार न करने से आक्रोशित थे।
चहलवा गांव की ओर से छोटकऊ पुत्र कन्हईलाल ट्रैक्टर से भिनगा की ओर आ रहा था। जब वह वर्गावर्गी गांव के पास पहुंचा, तभी सड़क किनारे खेल रहे इरशाद अहमद (3) पुत्र इस्लाम ट्रैक्टर की चपेट में आ गया, जिससे कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी डायल 100 को दी। मौके पर पहुंचे डायल 100 कर्मियों ने चालक की गिरफ्तारी को लेकर आनाकानी की, जिससे नाराज ग्रामीणों ने डायल 100 वाहन पर पथराव कर दिया। इसमें वाहन का शीशा टूट गया।
वहीं कुछ देर बाद पुलिस ट्रैक्टर चालक को वाहन के साथ कोतवाली भिनगा ले आई। इस्लाम की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दिया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार पांडे ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच कराई जा रही है।