जनसभा को संबोधित करते अजित सिंह
- फोटो : अमर उजाला
श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र के पार्टी प्रत्याशी के समर्थन में बुधवार को रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इकौना के पटना कोठार में जनसभा को संबोधित किया। जहां उन्होंने सपा को परिवारवादी पार्टी बताया। वहीं, बसपा पर जातिगत राजनीति करने व प्रधानमंत्री पर लोगों को सपना दिखा कर अपना भला करने का आरोप भी लगाया।
जनसभा में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित सिंह ने कहा कि मोदी व अखिलेश चुनाव के समय घोषणा पत्रों में केवल वादे करते हैं। जो कभी पूरे नहीं होते। प्रधानमंत्री ने अच्छे दिन का वादा किया था, लेकिन लोगों के नहीं मोदी के अच्छे दिन आए। मोदी को किसी तथ्य से मतलब नहीं है।
हमारी पार्टी किसान हितैषी है। किसान विकास करेगा, तभी देश विकसित होगा। सपा परिवारवादी पार्टी है, जो परिवार के विकास में लगी हुई है। सपा ने किसान हित छोड़ कर मिल मालिकों का ब्याज माफ कर दिया। प्रदेश की अर्थ व्यवस्था गन्ने पर आधारित है, पर गन्ना किसान बेहाल है। भाजपा नफरत की राजनीति करती है। जबकि बसपा की नजर अपनी जेब पर है। वह जातिगत राजनीति करती है।
हमें अवसर मिला तो किसान आयोग का गठन करेंगे। साथ ही गन्ना का बकाया भुगतान कराने के साथ ही युवकों को नौकरी व पुलिस को ओवर ड्यूटी का भुगतान देंगे। उन्होंने पार्टी प्रत्याशी विनोद त्रिपाठी को जिताने की अपील किया।