भाइयों को पीटते चौकी प्रभारी और सिपाही
- फोटो : वायरल वीडियो से...
उत्तर प्रदेश के बहराइच में बशीरगंज मोहल्ला निवासी जुड़वा भाइयों लव-कुश को तिकोनी बाग चौकी प्रभारी ने सिपाही के साथ मिलकर जमकर पीटा। दरोगा ने फिल्मी स्टाइल में दोनों भाइयों पर उछल-उछलकर लात-घूसों की बारिश कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। प्रकरण का संज्ञान लेते हुए एसपी वृंदा शुक्ला ने चौकी प्रभारी हरिकेष सिंह को निलंबित कर जांच शुरू करवा दी है।
बीच बाजार भाइयों को पीटने लगे
आरोप है कि बुलेट से जाते समय तिकोनी बाग चौकी प्रभारी हरिकेश सिंह ने अपनी निजी कार बैक करते समय बुलेट में टक्कर मार दी। इससे दोनों गिरकर घायल हो गए। दोनों ने जब इसका विरोध किया तो चौकी प्रभारी आग-बबूला हो गए। सिपाही के साथ बीच बाजार मारपीट करने लगे।
एसपी ने चौकी प्रभारी को किया निलंबित
मौके पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों व यातायात पुलिस कर्मियों ने पहुंचकर मामले को रफादफा करवाया। मारपीट का किसी राहगीर ने वीडियो बना लिया। सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसकी जानकारी होने पर एसपी वृंदा शुक्ला ने तत्काल चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया। पूरे प्रकरण की जांच शुरू करवा दी।
यह भी पढ़ेंः- UP News: महिला पुलिस कर्मियों का रील सोशल मीडिया पर वायरल, लोग कर रहे टिप्पणी; अधिकारियों तक पहुंची बात
नहीं दर्ज किया केस, कोतवाली से लौटाया
मारपीट की घटना के बाद दोनों भाई न्याय की आस लेकर कोतवाली नगर पहुंचे और तहरीर दी। आरोप है कि मारपीट में दरोगा के शामिल होने की जानकारी होने पर कोतवाली में अफरातफरी मच गई। यहां पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद पीड़ितों ने एसपी की शरण ली।