फखरपुर। गजाधरपुर चौराहे पर बृहस्पतिवार सुबह अनियंत्रित कार की चपेट में आकर पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी फखरपुर से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां पुत्र की मौत हो गई। पिता की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक भाग निकला।
बसंता गांव निवासी संपत यादव (38) की गजाधरपुर चौराहे के पास दुकान है। बृहस्पतिवार सुबह ट्रांसपोर्ट से दुकान का सामान आया था। संपत अपने इकलौते बेटे विशाल (16) के साथ सड़क के किनारे उतारे गए पार्सल को दुकान में रखवा रहे थे। इसी दौरान लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने दोनों को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक को झपकी आने से कार बेकाबू हो गई।
हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को सीएचसी फखरपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां कक्षा नौ के छात्र विशाल की मौत हो गई, जबकि संपत का उपचार जारी है। विशाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार में मातम छा गया।
थाना प्रभारी रामकुमार राजभर ने बताया कि कार कब्जे में ले ली गई है। अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। एएसपी नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि घटना की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।