रुपईडीहा (बहराइच)। भारत से तस्करी कर नेपाल ले जाई जा रही पटाखे की खेप एसएसबी व पुलिस की संयुक्त टीम ने गश्त के दौरान बरामद की। तीन बोरा पटाखों के साथ एक तस्कर को टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तस्कर के खिलाफ रुपईडीहा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
आगामी त्योहार को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी व पुलिस की संयुक्त टीम गश्त कर रही थी। दीपावली पर्व को देखते हुए पटाखों की तस्करी भी तेज हो गई है। तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए रुपईडीहा बीओपी पिलर संख्या 650/12 के पास टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को भारत की ओर से एक युवक बोरों में कुछ सामान ले जाते हुए दिखाई पड़ा। जब टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। इस पर टीम ने घेराबंदी कर तस्कर को पकड़ लिया। पूछताछ में तस्कर की पहचान वीरेंद्र सोनी निवासी गुरुवागांव वार्ड नंबर पांच जिला बांके राष्ट्र नेपाल के रूप में हुई। तस्कर के पास से तीन बोरों में रखे पटाखे बरामद हुए।