मिहींंपुरवा। भारत-नेपाल सीमा पर बृहस्पतिवार को एसएसबी जवानों व पुलिस कर्मियों की संयुक्त टीम ने गश्त के दौरान नेपाल से भारतीय सीमा में प्रवेश करते समय एक तस्कर को पकड़ लिया। उसके पास से 1.46 किलोग्राम चरस बरामद हुई, अंतरराष्ट्रीय बाजार में जिसकी कीमत दस लाख रुपये आंकी गई है। तस्कर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
नोमेंस लैंड स्थित सीमा क्षेत्र में स्तंभ संख्या 667 के समीप एसएसबी व पुलिस की संयुक्त टीम बृहस्पतिवार देर शाम गश्त कर रही थी। तभी भारतीय सीमा में संदिग्ध हालात में प्रवेश कर रहे नेपाल के बर्दिया निवासी नेत्रबहादुर शाही को गश्त कर रहे जवानाें ने रोककर तलाशी ली, उसके पास से 1.46 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि यह चरस वह भारतीय सीमा में बेचने के लिए लाया था। थानाध्यक्ष मोतीपुर आनंद कुमार चौरसिया ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुरूप करीब 10 लाख रुपये आंकी जा रही है।