रुपईडीहा। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बुधवार रात रुपईडीहा चेकपोस्ट से एक नेपाली युवक को 1.135 किलोग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई है। आरोपी के पास से नेपाली और भारतीय मुद्रा व मोबाइल भी मिला।
अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि थाना प्रभारी हरेंद्र मिश्र एसएसबी जवानों के साथ चेकपोस्ट पर आने-जाने वालों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। तलाशी में उसके पास से अफीम बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान नेपाल के रुकुम जिले के नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर दो निवासी प्रजित ओली के रूप में हुई। उसके पास से 4,500 नेपाली और 80 रुपये भारतीय मुद्रा भी मिली। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अफीम जब्त कर ली गई। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया। सीओ नानपारा चित्रांशु गौतम ने बताया कि सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए निगरानी कड़ी की गई है। आने-जाने वालों की जांच के साथ गश्त भी बढ़ाई गई है।