पयागपुर में हमले के बाद थाने पर जमा भीड़। -संवाद
पयागपुर। कस्बा व कांधीकुइयां के बीच स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर शनिवार को लगे जाम के दौरान एक कार और बाइक में टक्कर हो गई। इसके बाद बाइक सवार और कार सवारों के बीच मारपीट हो गई। इसमें छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में रामप्रकाश मंदिर के पुजारी भी शामिल हैं। पुलिस 11 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कांधीकुइयां निवासी बाइक सवार कृष्ण कुमार तिवारी जाम के दौरान रेलवे क्रॉसिंग पर खड़े थे। उसी दौरान एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गए। उन्होंने आपत्ति की तो कार सवार हमलावर हो गए। दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार सवार लोगों ने दूसरे पक्ष पर फरसा और त्रिशूल से हमला बोल दिया। हमले में शंकर (30), रवि (25), राज (18) व कृष्ण कुमार (50) को गंभीर चोट आई है, जिन्हें सीएचसी भेज दिया गया। बाकी लोगों को हल्की चोट लगी है।
पुलिस ने कृष्ण कुमार की तहरीर पर 11 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आरोपियों को शस्त्र सहित हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हिरासत में लिए गए लोगों में आठ बलिया, दो जौनपुर तथा एक श्रावस्ती जनपद के बताए जा रहे हैं। कुछ के भाग जाने की भी सूचना है। घायल शंकर कांधिकुइयां स्थित राम प्रकाश मंदिर के पुजारी हैं। इससे क्षेत्रीय लोगों में तनाव व्याप्त हो गया है।
सभी गिरफ्तार आरोपी श्वेत वस्त्रधारी सनातन धर्म प्रचारक बताए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। थानाध्यक्ष मिथिलेश राय ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है, सभी आरोपियों से पूछताछ भी की जा रही है।