नौबस्ता बौंडी गांव में बुधवार को दोपहर अचानक आग लग गई, जिसमें आग की लपटों से पूर्व ग्राम प्रधान समेत छह मकान धू-धूकर जल गए। घटना में 13 लाख से अधिक की संपत्ति आग की भेंट चढ़ गई। 94 हजार रुपये भी जल गए। गृहस्थी का एक तिनका भी नहीं बचाया जा सका। ग्रामीणों ने तीन घंटे में आग पर काबू पाया। मामले की सूचना तहसील को दी गई है, लेकिन कोई भी राजस्वकर्मी अब तक मौके पर नहीं पहुंचा है।
महसी तहसील क्षेत्र के नौबस्ता बौंडी गांव निवासी पूर्व ग्राम प्रधान सुनील कुमार उर्फ राजू के घर में दोपहर करीब दो बजे अचानक आग लग गई। उस समय परिवार के लोग घर में आराम कर रहे थे। परिवार के सदस्यों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफल न होने पर सभी ने भागकर जान बचाई। घर के अंदर से सामान भी नहीं निकाला जा सका।
चीख पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़े, लेकिन तब तक चल रही पछुवा हवा से आग की लपटों ने पड़ोसी रामअवध, ननके, रामबिलास, कैलाश, मनोज के मकान को भी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने पंपिंग सेट चलाकर तीन घंटे में आग पर काबू पाया।
अग्निकांड में पूर्व प्रधान के घर में बहनोई को देने के लिए रखे करीब 94 हजार रुपये के अलावा सभी घरों के कपड़ा, बर्तन, जेवर, अनाज आदि जल गया। आग से 13 लाख से अधिक की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पूर्व ग्राम प्रधान का कहना है कि उन्होंने गन्ना बिक्री का पैसा एकत्रित किया था। 1.20 लाख रुपये बहनोई को देना था और पैसा इंतजाम करने में जुटे हुए थे, लेकिन आग में सब कुछ जल गया।
इस मामले में उपजिलाधिकारी गौरांग राठी का कहना है कि घटना की की सूचना मिली है। राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद पीड़ित परिवारीजनों को मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।