फखरपुर। थाना के बगल में बने नितिन गुप्ता के घर में 15 दिन पहले हुई चोरी का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने करीब छह लाख रुपये के जेवर व 40 हजार की नकदी बरामद कर चार आरोपियों के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले लखनऊ निवासी दो व्यापारियों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित का चचेरा भाई चोरी का मास्टर माइंड निकला।
थानाध्यक्ष ब्रह्मा गोंड ने बताया कि 17 अक्तूबर की रात 8:30 से 10:30 बजे के बीच कोटेदार अंकित गुप्ता माधवपुर के घर से चोरों ने गहने व करीब 40 हजार नकदी पार कर ली थी। पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर एसआई संजीव कुमार वर्मा व टीम को वारदात के खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
जांच में कोटेदार के चचेरे भाई अभय गुप्ता पर शक हुआ। बुलाकर पूछा गया तो उसने साफ मना कर दिया। बाद में सभी साक्ष्य एकत्रित कर अभय गुप्ता व बौंडी थाना क्षेत्र के औलिया पुरवा निवासी शेर बहादुर वर्मा, कैसरगंज थाना क्षेत्र के छोटी पुरवा निवासी सचिन सैनी, फखरपुर थाना क्षेत्र के माधवपुर निवासी गोविंद कुमार शुक्ला को गिरफ्तार किया गया।
सोना खरीदने वाले लखनऊ के हरीनगर दुबग्गा चौकी क्षेत्र के अंशुल सोनी, लखनऊ ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बालागंज शिव शक्ति नगर निवासी कृष्ण मुरारी सोनी को भी पकड़ा गया है।
सोने के जेवर को गलाकर बना दी छड़
पकड़े गए दोनों सराफा कारोबारियों ने सोने के जेवरात को गलाकर छड़ बना दिया था। सभी के पास से 50 ग्राम 430 मिलीग्राम सोने की छड़ तीन जोड़ी बिछिया, एक जोड़ी कील व 40 हजार नकद बरामद किए गए। एसओ ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। वहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।