रिसिया के लखैया जदीद में बनकर तैयार अन्नपूर्णा भवन।
- फोटो : रिसिया के लखैया जदीद में बनकर तैयार अन्नपूर्णा भवन।
बहराइच। सरकारी राशन की दुकानों को अब अन्नपूर्णा भवन के नाम से जाना जाएगा। यूपी सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 में 75 अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण के लिए भूमि का चिह्नांकन किया गया। इनमें से 57 पर काम शुरू हो गया है। पिछले वित्तीय वर्ष में 75 में से 67 अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण कराया जा चुका है।
जिला पूर्ति अधिकारी नरेंद्र तिवारी ने बताया कि अन्नपूर्णा भवनों की स्थापना प्रदेश सरकार द्वारा मनरेगा कन्वर्जेंस के अंतर्गत कराया जा रहा है। अन्नपूर्णा भवन की स्थापना से आम जनमानस को ग्राम पंचायत में ही सुगमता के साथ खाद्यान्न वितरण का लाभ हो सकेगा। अन्नपूर्णा भवन के निर्माण में सबसे बड़ी चुनौती आमजनमानस के लिए सुलभ भूमि का चिह्नांकन किया जाना है। कतिपय स्थलों पर भूमि विवाद के कारण निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न होती है, जिसका शीघ्र निस्तारण कराते हुए निर्माण कार्य कराया जा रहा है।अन्नपूर्णा भवन के निर्माण हो जाने से जहां आम जनमानस को निशुल्क खाद्यान्न आसानी से प्राप्त हो रहा है, वहीं इन केंद्रों के माध्यम से सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए कैंप लगाने के लिए स्थल भी सुलभ हो गया है।