पयागपुर/हुजूरपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परीक्षा में जिले के दो होनहार युवाओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। पयागपुर के शुभम सिंह और हुजूरपुर के अविनाश पांडेय ने सफलता हासिल कर प्रशासनिक पदों पर अपनी जगह बनाई है।
खुटेहना चौराहा के निकट ग्राम मधनगरा निवासी शुभम सिंह का चयन नायब तहसीलदार के पद पर हुआ है। उनके पिता दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि शुभम ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक व दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर एवं एमफिल की डिग्री प्राप्त करके वर्तमान में पीएचडी कर रहे हैं। शुभम ने अपनी सफलता का श्रेय माता सरिता सिंह, पिता, बाबा दूबर सिंह और अपने गुरुजनों को दिया है।
वहीं, हुजूरपुर के ग्राम बड़ानिजाम निवासी अविनाश पांडेय ने पूरे प्रदेश में 11वीं रैंक हासिल कर सहायक आयुक्त (उद्योग) के पद पर चयनित होकर जिले का मान बढ़ाया है। अविनाश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बैरोज ब्लूबेल्स स्कूल से प्राप्त की। इसके बाद लखनऊ में इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी कर पंजाब यूनिवर्सिटी से बीटेक करने के बाद अविनाश ने एचपीसीएल में 18 माह तक इंजीनियर के रूप में कार्य किया।
वर्ष 2022 से सिविल सेवा की तैयारी में जुटे अविनाश ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता कुसुम पांडेय, पिता ओमप्रकाश पांडेय व पत्नी शिप्रा पांडेय को दिया है। दोनों मेधावियों की सफलता से उनके पैतृक गांवों में खुशी का माहौल है।
स्वाध्याय से हासिल की सफलता
अविनाश पांडेय ने वर्ष 2023 में यूपीएससी की ईपीएफओ परीक्षा उत्तीर्ण कर वह वर्तमान में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय में अकाउंट्स ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। इस बड़ी उपलब्धि के बावजूद उन्होंने अपना लक्ष्य नहीं छोड़ा और नौकरी के साथ स्वाध्याय जारी रखा। उनकी इसी कड़ी मेहनत का परिणाम है कि उन्होंने अब यूपीएससी परीक्षा में 11वीं रैंक हासिल कर एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि अपने नाम की है। उनकी इस सफलता पर उनके बड़े पिता शेषराम पांडेय, भतीजे कुंवर पांडेय, भतीजी निहारिका सहित पूरे परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है।