मिहींपुरवा। मोतीपुर थाना के सर्रा कलां गांव में शनिवार देर रात सोनू यादव के कच्चे मकान में आग लग गई। अज्ञात कारणों से लगी आग में मकान में रखा अनाज, कपड़े और गृहस्थी का सारा सामान जलकर राख हो गया। हादसे में सोनू यादव की एक भैंस भी झुलस गई। रात करीब 12 बजे परिवार के सो जाने के बाद आग लगी। परिजनों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों ने करीब एक घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के मकान बच गए। पीड़ित सोनू यादव के अनुसार, अग्निकांड में करीब दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।