रिसिया नगर में मंगलवार को निकाली गई निशान यात्रा में सजा खाटू श्याम का दरबार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बहराइच
रिसियामोड़ (बहराइच)। पीत वस्त्रों को धारण किए महिलाएं, पुरुष व बालवृंद, हाथों में निशान और चेहरे पर उल्लास के भाव, कुछ ऐसा ही नजारा मंगलवार को रिसिया नगर में आयोजित निशान यात्रा के दौरान दिखाई दिया।
गाजे-बाजे की धुन पर थिरकते हुए भक्तों ने श्री श्याम प्रभु के उद्घोष लगाए और जिससे पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।
रिसिया नगर स्थित अग्रवाल अतिथि भवन से श्रीश्याम भक्तों की ओर से निशान यात्रा निकाली गई। यह यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए बैजनाथ अग्रवाल के आवास पर पहुंची। यात्रा में भगवान श्रीश्याम की फूलों से सजी झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
यहां विधि विधान से निशान की पूजा अर्चना की गई। इस मौके पर कानपुर से आए भजन गायकों ने भजन संध्या का आयोजन किया। सिर पर तेरा हमेशा हाथ रहे बाबा, जब तक यूं तेरा साथ रहे बाबा, काली कमली वाला मेरा यार है, दिलदार है आदि गीतों पर भक्त झूम उठे।
कार्यक्रम की समाप्ति पर श्याम भक्तों का एक जत्था बस के जरिए खाटू धाम रवाना हो गया। इस अवसर पर कुंज बिहारी गोयल, चेयरमैन राजेश निगम, मोनू, सोनू, सुदीश अग्रवाल, श्रवण मित्तल, मुकेश अग्रवाल समेत कई श्याम भक्त मौजूद थे।