बहराइच। सावन के अंतिम सोमवार पर जिले के शिवालय व शिव मंदिर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे। भोर से देर रात तक शिवमंदिरों में जलाभिषेक व पूजा-अर्चना के लिए लोगों का तांता लगा रहा। पांडवकालीन जंगलीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु दिन भर उमड़ते रहे। कांवड़िये भी जत्थों में मंदिर पहुंचे। ओम नम: शिवाय के मंत्रों की गूंज शिवालयों में उठती रही।
सावन का अंतिम सोमवार होने के चलते भोर से ही शिवमंदिरों में शिवभक्तों का तांता लगा रहा। शहर में स्थित सिद्धनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना का सिलसिला पूरे दिन जारी रहा। महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह दिखा। शहर और ग्रामीण अंचलों से कांवड़िये जत्थों में सिद्धनाथ मंदिर पहुंचे और सभी ने परंपरागत तरीके से महंत रवि गिरि की मौजूदगी में जलाभिषेक किया।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल ने अपने पति अशोक जायसवाल और पुत्र शिवम तथा पुत्री ऐश्वर्या जायसवाल के साथ जलाभिषेक कर सुख समृद्धि की कामना की। उधर, सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने मटेरा के जंगलीनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
यहां एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह, सीओ नानपारा अरुण चंद्र आदि मौजूद रहे। पयागपुर में बगेश्वरनाथ मंदिर में भी शिवसाधकों ने आराध्य शिव की अर्चना परंपरा के तहत की। यहां पर बैरीकेडिंग से होकर शिवभक्त मंदिर तक पहुंचे। रिसिया में स्थित मनकामेश्वर मंदिर, शिवमंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।
उधर, सावन के अंतिम सोमवार पर रविवार देर शाम जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों का जत्था नगर के विश्वनाथ मंदिर से रवाना हुआ। कांवड़ियों ने सरयू नदी के तकिया घाट से जल भरकर सोमवार को नगर के शिवाले बाग शिवमंदिर में जलाभिषेक किया। रविवार को पुलिस फोर्स के साथ जलाभिषेक के लिए कांवड़िया सरयू नदी के तकियाघाट पहुंचे।
यहां पर जल लेकर सोमवार को डीजे की धुन पर थिरकते हुए शिवाले बाग शिव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए वे कांवड़िये रवाना हुए। नवयुवक कांवरिया संघ के अध्यक्ष जगत राम पटेल की अगुवाई में कांवड़ियों का जत्था बोल बम के जयकारे लगाते हुआ गाजे-बाजे के साथ चल रहा था।
कांवड़ियों के जत्थे के साथ क्षेत्राधिकारी अरुण चंद्र, प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह व कस्बा इंचार्ज सुधीर शुक्ला चल रहे थे। प्रशासन की ओर से सरयू घाट पर एंबुलेंस, पेयजल के लिए पानी का टैंकर व सुलभ शौचालय के लिए रिक्शा मौजूद था। इस मौके पर कांवरिया संघ के मनीष मदेशिया, बबलू सिंह, छत्रपाल वर्मा, बुध सागर प्रजापति, अजय गुप्ता, राजेश प्रधान, कूले राज, सज्जन कुमार आदि मौजूद रहे।