बहराइच। गंगापुरवा गांव में गृह प्रवेश के दौरान रात को बिजली की व्यवस्था के लिए तार जोड़ते समय एक युवक को करंट लग गया। उसे बचाने दौड़े मां-बेटे भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे मां-बेटे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हरदी थाना क्षेत्र के गंगापुरवा गांव निवासी विशंभर के घर में मंगलवार को गृह प्रवेश की तैयारियां चल रही थीं। गृह प्रवेश के लिए पूजा-अर्चना का कार्यक्रम किया गया था। दोपहर में पूजा-अर्चना के बाद शाम को गांव के लोगों व रिश्तेदारों को भोजन पर बुलाया गया था। इसके लिए देर शाम अंधेरा होने पर बिजली व रोशनी का इंतजाम किया जा रहा था।
गांव निवासी सोनू (30) पुत्र रामबचन तार जोड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच करंट लगने से वह गिरकर तड़पने लगा। चीख पुकार पर विशंभर की पत्नी रामावती (45) और उसका बेटा अंकित (22) सोनू को बचाने के लिए दौड़ पड़े। सोनू को पकड़ते ही वह दोनों भी करंट की चपेट में आ गए।
परिवार के लोगों ने मीटर से हो रही आपूर्ति को तत्काल बंद किया। घटन से घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग जब तक सोनू को लेकर अस्पताल पहुंचते, तब तक उसने मौके पर दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर रूप से झुलसे रामावती और अंकित को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। दोनों का इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।