बहराइच। शहर में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं पर कड़ा रुख अपनाते हुए कोतवाली नगर पुलिस ने शनिवार को बाइक चोरों के बड़े गैंग का खुलासा किया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की सात बाइक, आठ बाइक की चेसिस तथा भारी मात्रा में कलपुर्जे बरामद किए। पकड़े गए एक आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम हनुमान मंदिर के पास झिंगहा घाट क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान दो लोग बाइक से आते दिखे। उन्हें रोक कर बाइक के कागजात मांगे गए, तो वे कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाए।
पूछताछ में दोनों ने अपने नाम सरवन कुमार मौर्या निवासी चंदनापुर सिकड़िया तथा जीवन लाल यादव निवासी माधोपुर बैकुंठा बताए। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने स्वीकार किया कि सभी बाइक चोरी की हैं और इन्हें अपने साथी ननकऊ की कबाड़ की दुकान पर छिपाने जा रहे थे।
पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को साथ लेकर भगवानपुर चौराहा स्थित कबाड़ की दुकान पर छापा मारा। यहां उनकी निशानदेही पर चोरी की पांच और बाइक बरामद हुईं। दुकान की तलाशी के दौरान आठ बाइक की चेसिस, कई इंजन पार्ट, हब, साइलेंसर, टायर, शॉकर, हैंडल और अन्य स्पेयर पार्ट भी मिले।
दुकान से तीसरे आरोपी कल्याणपुरवा बैकुंठा निवासी ननकऊ को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है।
एक आरोपी है शातिर अपराधी, दर्ज हैं 17 केस
गिरफ्तार जीवन लाल यादव का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगेस्टर, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 17 मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।