औषधि निरीक्षक ने शनिवार को कई मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की। इस दौरान गिलौला व इकौना की तीन दुकानों से दवाओं के सात नमूने भी लिए गए। इन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया। छापे की सूचना मिलते ही गिलौला व इकौना में कई मेडिकल स्टोर संचालक ताला बंद कर भाग निकले।
औषधि निरीक्षक राजू प्रसाद ने शनिवार दोपहर गिलौला स्थित प्रकाश मेडिकल स्टोर पर औचक छापेमारी की। इस दौरान दुकान से तीन दवाओं के नमूने लेकर उसे सीज किया गया। दुकान में अभिलेख रखरखाव ठीक न होने के कारण दुकानदार को नोटिस जारी किया गया।
इसके बाद लेंगड़ीगूलर स्थित साहू मेडिकल स्टोर पर छापेमारी कर यहां से दवा का एक नमूना लिया। इसके साथ ही दवाओं के रखरखाव व साफ सफाई के लिए नोटिस दी गई। इकौना स्थित कमला फार्मा पर छापेमारी करके तीन दवाओं के नमूने लिए गए।
सभी नमूनों को जांच के लिए लैब भेजा गया है। इस संबंध में औषधि निरीक्षक ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिन मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस रिनीवल नहीं पाए जाएंगे उनके विरुद्ध भी कार्रवाई होगी।