बहराइच। जिले के इंटर कॉलेज 19 अक्तूबर से खुल जाएंगे। इसके लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विद्यालयों को पूरी तरह से सैनिटाइज किया जा रहा है। थर्मल स्क्रीनिंग मशीन भी प्रधानाचार्यों ने मंगा ली हैं। साथ ही बिना मास्क के विद्यालय आने वाले छात्रों को बाहर ही मास्क दे दिया जाएगा। विद्यालयों में कक्षा नौ से 12 तक की कक्षाएं ही चलेंगी। जिसमें प्रथम पाली में हाईस्कूल और द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट के छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा।
मार्च माह में पूरे देश में कोरोना संक्रमण फैलने पर सभी प्रतिष्ठान व संस्थान बंद करा दिए गए थे। इससे शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर गई थी। छात्र-छात्राएं ऑनलाइन शिक्षा ही ग्रहण कर पा रहे हैं। मगर अब विद्यालयों में पुन: रौनक देखने को मिलेगी। विद्यालय पुन: खुलने के लिए तैयार हैं।
लगभग सात माह बाद शिक्षण संस्थानों को खोलने के निर्देश सरकार ने दिए हैं। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक को शासनादेश भेजा गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि स्कूलों को खोलने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। 19 अक्तूबर से विद्यालय खोले जाएंगे।
इसके लिए विद्यालयों के प्रवेशद्वार और सभी कमरों में सैनिटाइजर का छिड़काव कराया गया है। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रबंधन की ओर से मास्क भी रखे जाएंगे। जो छात्र भूलवश मास्क लगाकर नहीं आएगा, उसे मास्क दिया जाएगा। जिसका कोई चार्ज विद्यालय की ओर से नहीं लिया जाएगा।
बशर्ते छात्र, शिक्षक कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने की हर संभव सहयोग करें। डीआईओएस ने बताया कि अभी सिर्फ कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं को ही बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन्हें खांसी, जुकाम व बुखार की शिकायत होगी। उन्हें अन्य छात्रों से अलग बैठाया जाएगा। सभी की प्रतिदिन कोरोना जांच होगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शासन ने विद्यालयों को खोलने के निर्देश दे दिए हैं। विद्यालय खोलने की तैयारी भी हो गई है। पहली पाली में हाईस्कूल और दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के छात्रों को ही बुलाया जाएगा। एक पाली में सिर्फ आधे छात्र ही आएंगे। सिर्फ कक्षा नौ से 12 तक के ही छात्र विद्यालय में पढ़ने के लिए आएंगे। सरकार के नियमों का पूरा पालन कराया जाएगा।
सेवेंथ डे एडवेंटिस्ट इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मोहन सिंह ने बताया कि विद्यालय खोलने के लिए सरकार के सभी निर्देशों का पालन कराया जाएगा। विद्यालय को दो दिन पूर्व से ही सैनिटाइज कराया गया है। साथ ही छात्रों को दूर-दूर बैठाया जाएगा। जिससे कोरोना संक्रमण फैलने से रोका जा सके। छात्रों के भविष्य को देखते हुए अब विद्यालय के खुलने का इंतजार किया जा रहा है।
सेंट नार्बट स्कूल के प्रधानाचार्य फादर प्रकाश सोरेन्ग का कहना है कि विद्यालय खोलने का निर्देश शिक्षा विभाग की ओर से मिल गया है। अब 19 अक्तूबर से विद्यालय खोला जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छात्रों को एक-एक मीटर दूर बैठाया जाएगा। साथ ही पूरे परिसर का सैनिटाइजेशन कराया गया है। बच्चों की सेहत से खिलवाड़ नहीं किया जाएगा।
पॉयनियर इंटर कॉलेज के प्रबंधक सैयद आसिफ किरमानी ने बताया कि काफी समय बाद विद्यालय खुलने जा रहा है। कोरोना संक्रमण को लेकर विद्यालय संचालन में सरकार द्वारा बदलाव किया गया है। विद्यालय में दवा का छिड़काव कराया गया है। साथ ही पहली व दूसरी पाली में ही छात्रों को विद्यालय बुलाया जाएगा। सरकार के सभी निर्देशों का अक्षरश: पालन होगा।
एसपीवीपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दुर्गेश कुशवाहा ने बताया कि कॉलेज 19 से खुलेगा। अभी सिर्फ कक्षा नौ से 12 तक के छात्रों को ही बुलाया जाएगा। इसके लिए विद्यालय को दो दिन पूर्व ही सैनिटाइज कराया गया है। इसके अलावा थर्मल स्क्रीनिंग मशीन मंगाई गई है। छात्रों को नि:शुल्क बांटने के लिए 600 मास्क भी मंगाए गए हैं। जिसे छात्रों में वितरित किया जाएगा।