बहराइच। मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को नगर मजिस्ट्रेट पहुंच गए। उन्होंने पुरुष और महिला अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। चिकित्सकों से सोशल डिस्टेंसिंग के तहत ही मरीजों को देखने की बात कही। निरीक्षण के बाद नगर मजिस्ट्रेट ने सीएमएस के साथ बैठक की।
स्व शासी राज्य मेडिकल कॉलेज में ओपीडी का संचालन सोमवार से शुरू हुआ है। ओपीडी शुरू होते ही मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। सुरक्षा के लिए अस्पताल में पीआरडी जवान, होमगार्ड के साथ पुलिस भी लगाई गई है। इसको देखते हुए मंगलवार को नगर मजिस्ट्रेट जयप्रकाश ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। नगर मजिस्ट्रेट ने सीएमएस डॉ. डीके सिंह के साथ पुरुष अस्पताल की व्यवस्था और मरीजों की जांच की जानकारी ली। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट ने मेडिकल कॉलेज के महिला विंग में निरीक्षण किया।
नगर मजिस्ट्रेट ने कहा कि सोशल डिस्टेंसिंग के तहत ही मरीजों को देखा जाए, जिससे कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट ने सीएमएस के साथ बैठक कर भीड़ से उत्पन्न हो रहीं समस्याओं की जानकारी ली। सीएमएस डॉ. डीके सिंह ने बताया कि धीरे-धीरे व्यवस्थाएं सामान्य हो जाएंगी।