शिवपुर मोहरनिया पुलिस चौकी का उद्घाटन करते एसपी व अन्य। - स्रोत : विभाग
रुपईडीहा। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ग्रामीणों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवनिर्मित शिवपुर मोहरनिया पुलिस चौकी का सोमवार को पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने उद्घाटन किया।
चौकी का भवन तैयार होने से शिवपुर मोहरनिया सहित आसपास के गांवों के लोगों को अब छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए दूर स्थित थाने तक नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर पुलिस की उपलब्धता बढ़ने से लोगों को समय पर सहायता मिलेगी। साथ ही अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
इस मौके पर एसपी ने कहा कि आमजन को बेहतर सुरक्षा देना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता है। नई चौकी से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी और लोगों को शिकायत दर्ज कराने में सहूलियत होगी।
इस अवसर पर सीओ नानपारा चित्रांशु गौतम, प्रभारी निरीक्षक रुपईडीहा हरेंद्र मिश्रा, सहायक कमांडेंट अमित कटियार, शैलेश जायसवाल, संतोष अग्रवाल सहित पुलिसकर्मी और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।