पांच सौ और हजार के पुराने नोट बंद होने के बाद चरमराई एटीएम व्यवस्था अब भी दुरुस्त नहीं हो सकी। बैंकों की छुट्टी के दूसरे दिन जब लोग कैश निकालने के लिए एटीएम पहुंचे तो शटर बंद मिले। शहर के ज्यादातर एटीएम रविवार को भी नहीं खुले। देहात क्षेत्र के एटीएम कैश के अभाव में लगातार बंद हैं।
शनिवार और रविवार दो दिन बैंकों में अवकाश था। शनिवार को कैश के अभाव में एटीएम बंद रहे। एटीएम की यही स्थिति रविवार को भी थी। शहर के 36 एटीएम में रविवार सुबह 11 बजे तक एक भी एटीएम नहीं खुला था। दोपहर में पानी टंकी के निकट स्थित स्टेट बैंक कृषि शाखा के एटीएम का शटर खुला तो पैसा निकालने के लिए कतार लग गई।
दो घंटे मेें ही एटीएम खाली हो गया। शहर के अन्य एटीएम के शटर पर ताले लटकते रहे। इस कारण लोग कैश नहीं निकाल सके। शहर के डिगिहा, छावनी बाजार, चौक बाजार, पीपल चौराहा, गुरुनानक चौराहा, किसान डिग्री कालेज, अग्रसेन चौक पर काफी देर तक लोगों ने एटीएम खुलने का इंतजार भी किया।
यही हाल नानपारा, रुपईडीहा, मिहींपुरवा, गिरिजापुरी, कैसरगंज, जरवल, पयागपुर, चिलवरिया, रिसिया और नवाबगंज क्षेत्र के एटीएम का था। शहर से गांव तक लोग एटीएम से पैसा निकालने के लिए परेशान रहे। सबसे अधिक दिक्कत सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों को हुई।