जिले के शहर, कस्बों और ग्रामीण अंचलों में बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों पर शिकंजा कसा जाएगा। विद्यालय संचालन समिति के खिलाफ मान्यता न होने पर एफआईआर भी होगी।
इस मामले में डीआईआऐस ने तहसीलवार नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी है। स्कूलों में छापेमारी कर नोडल अधिकारी अभिलेख की पड़ताल करेंगे। सप्ताह भर में रिपोर्ट डीआईओएस को भेजी जाएगी।
बहराइच के विभिन्न अंचलों में बिना मान्यता के कई विद्यालयों का संचालन हो रहा है।
कई बार इस मामले में आवाज भी उठाई गई लेकिन स्कूल संचालन समिति द्वारा मान्यता की कवायद नहीं की गई, जिससे छात्रों का भविष्य अक्सर दांव पर लग जाता है।
इसके अलावा कोचिंग संस्थान भी बिना पंजीकरण के संचालित हो रहे हैं। उन शिकंजा कसने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक ने व्यूह रचना की है।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि सभी विद्यालयों की चेकिंग कराई जाएगी।
इसके लिए बहराइच सदर तहसील क्षेत्र में राजकीय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य को नोडल अधिकारी तैनात किया गया है, जबकि नानपारा में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नवाबगंज के प्रधानाचार्य को, कैसरगंज में राजकीय इंटर कॉलेज भग्गड़वा के प्रधानाचार्य व महसी तहसील में राजकीय इंटर कॉलेज रमपुरवा के प्रधानाचार्य को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह सभी नोडल अधिकारी स्कूलों के अभिलेखों की जांच करेंगे।