बहराइच। जिले के परिषदीय प्राथमिक और जूनियर विद्यालयों में छात्रों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, नामांकन और शिक्षा के प्रति जागरूकता के लिए गुरुवार को स्कूल चलो रैलियों का आयोजन जिले के चित्तौरा, तेजवापुर व पयागपुर विकासखंडों में हुआ। रैली में शामिल छात्र-छात्राएं हाथों में जागरूकता स्लोगन लिए हुए थे। इस मौके पर अभिभावकों को जागरूक किया गया।
ब्लॉक प्रमुख चित्तौरा के प्रमुख प्रतिनिधि सईद शेरवानी ने जागरूकता रैली को ब्लॉक संसाधन केंद्र पर हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी चित्तौरा राकेश कुमार ने किया।
रैली में शामिल छात्र-छात्राएं मम्मी-पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ, पढ़ी लिखी लड़की रोशनी घर की समेत अन्य जागरूकता स्लोगन लिखी तख्तियां हाथ में लिए हुए थे। रैली क्षेत्र के कल्पीपारा इलाके का भ्रमण कर पुन: बीआरसी केंद्र पहुंचकर समाप्त हुई।
इस अवसर पर बीआरसी विशेश्वर सिंह, राधाकृष्ण पाठक, अभय, रजनीश पाठक, सूर्यकुमार पांडेय आदि शिक्षक मौजूद रहे। कल्पीपारा न्याय पंचायत की ओर से भी रैली का आयोजन हुआ। रैली को संकुल प्रभारी कुमार अभय व अस्मतुन्निशा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उधर, विकासखंड तेजवापुर के न्याय पंचायत हुसैनपुर में एनपीआरसी उदय शंकर त्रिपाठी और पूर्व एनपीआरसी बृजेश गुप्ता की अगुवाई में रैली निकली। जिलाध्यक्ष आनंद पाठक व मंत्री विजय उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विशिष्ट अतिथि एबीआरसी अनिल सिंह और सुनील मिश्र रहे। तेजवापुर के रमपुरवा जूनियर विद्यालय परिसर और न्याय पंचायत चंदनपुर सिकड़िया मेें भी रैली का आयोजन कर लोगों को जागरूक किया गया।
संकुल प्रभारी जयसुखलाल और मृत्युंजय शुक्ला की अगुवाई में रैली ने विभिन्न ग्रामों का भ्रमण किया। न्यायपंचायत संसाधन केंद्र शिवदहा पयोगपुर में बीईओ वीरेंद्र नाथ द्विवेदी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर नामांकन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण पर बल दिया। यहां मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य सुषमा चौधरी मौजूद रही। संचालन संकुल प्रभारी राजेश कुमार मिश्र ने किया।