बहराइच। जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति और विद्यालय यान समिति की बैठक की। अधिकारियों को स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बिना फिटनेस कोई वाहन संचालित न हो। स्कूल बसों में चालक के साथ एक परिचारक जरूर रहे। बाहर के चालक और परिचारक का पुलिस सत्यापन कराने के बाद ही उन्हें रखा जाए। बसों पर हेल्पलाइन और मोबाइल नंबर भी अंकित किए जाएं। उन्होंने शहर में यातायात में बाधा बनने वाले होर्डिंग और अतिक्रमण हटाने के भी निर्देश दिए।टोल प्लाजा के पास वाहन चालकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए शिविर लगाने और शुगर, बीपी व आंखों की जांच कराने पर जोर दिया। स्कूलों में रैलियों के जरिये यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के निर्देश भी दिए।