बहराइच। लखैहिया ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर घोटाले का आरोप लगाते हुए डीएम को पत्र सौंपा गया है। कई योजनाओं में धोखाधड़ी कर धन आहरित करने की बात कहते हुए जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
विकासखंड क्षेत्र नवाबगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत महराजनगर लखैहिया निवासी लच्छीराम यादव ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सचिव ने विकास के मद में खर्च किए जाने वाले धन का दुरुपयोग किया है। बिंदुवार घोटालों को गिनाते हुए आरोप लगाया कि मिट्टी पटाई का कार्य, गंगापुर बार्डर तक नाला खुदाई के कार्य, आरसीसी रोड व मनरेगा और इंदिरा आवास योजना, गोशाला निर्माण के मद में प्रयोग होने वाले धन का बंदरबांट किया गया है। कुछ योजनाओं में एस्टीमेट से अधिक पैसा भी निकाल लिया गया है।
गांव निवासी इंदिरा देवी पत्नी कामता के नाम पर आवास स्वीकृत किया गया था लेकिन यह आवास इंदिरा देवी पत्नी पेशकार को दे दिया गया। इसी तरह सुधरा देवी, राममिलन और मदारी के नाम पर स्वीकृत आवास को किसी और को आवंटित कर दिया गया है। डीएम को शिकायती पत्र सौंपते हुए पूरे मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। लच्छीराम ने मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव पंचायती राज, मुख्य विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी और खंड विकास अधिकारी को भी शिकायती पत्र की कॉपी भेजी है।