फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bahraich News: एसबीआई बैंक मित्र को मारी गोली, लखनऊ रेफर

Fri, 27 Feb 2026 01:38 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बहराइच
विज्ञापन
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मे भर्ती समाल अहमद।     -संवाद
विज्ञापन
बहराइच/कैसरगंज। ग्राम वैराकाजी में बुधवार देर रात एसबीआई के बीसी (बैंक मित्र) को कुछ लोगों ने गोली मार दी, धारदार हथियारों से भी हमला किया। घटना तब हुई जब वह तरावीह पढ़कर कोटवा मस्जिद से घर लौट रहे थे। गंभीर रूप से घायल बीसी को लखनऊ रेफर किया गया है। हमले का कारण कब्रिस्तान विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन



वैराकाजी गांव निवासी मोहम्मद समाल (35) अपने साथियों के साथ बुधवार देर रात तरावीह पढ़कर घर लौट रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली उनके पेट और दूसरी पैर में लगी। इसके बाद हमलावरों ने धारदार हथियारों से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया।

चश्मदीद अफजल अहमद ने बताया कि हमलावरों में रफी अहमद, मोनिश, तुफेल, सईद, इरफान समेत करीब सात लोग शामिल थे। आरोप है कि ये सभी एक स्थानीय राजनीतिक व्यक्ति के करीबी हैं। जब अफजल ने समाल को बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया। अन्य नमाजियों के मौके पर पहुंचते ही हमलावर असलहा लहराते हुए भाग निकले।
विज्ञापन


आनन-फानन घायल समाल को सीएचसी कैसरगंज पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने समाल को दो गोलियां लगने की पुष्टि की। बताया कि पेट के ऊपरी हिस्से में गोली लगने से रक्तस्राव अधिक होने के कारण रात में ही हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद समाल को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।


थानाध्यक्ष राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि नामजद तहरीर के आधार पर रफी अहमद, मोनिश, तुफेल, सईद, इरफान सहित सात लोगो के खिलाफ फायरिंग और जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। चार लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है।




हाईकोर्ट में गवाही से ठीक पहले हुआ हमला
वैराकाजी गांव स्थित कब्रिस्तान पर कब्जे का मामला हाईकोर्ट में चल रहा है। हमले में घायल हुए समाल अहमद गांव के बहुचर्चित कब्रिस्तान विवाद में मुख्य पैरवीकार हैं। उन्होंने रफी अहमद आदि पर कब्रिस्तान की भूमि पर कब्जे का आरोप लगाते हुए न्यायालय में मुकदमा दायर कर रखा है। इसी मामले में समाल अहमद की हाईकोर्ट में 26 फरवरी को अहम गवाही प्रस्तावित थी। गवाही से महज एक दिन पहले हमला हुआ।



सभी सात आरोपियों को पुलिस ने पकड़ा
कैसरगंज सीओ धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बैंक मित्र पर हमला करने के नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई थीं। दबिश देकर सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया है। इनमें रफी अहमद, फसी अहमद, समी अहमद, मोनिस, तुफैल, सईद तथा इरफान शामिल हैं। सभी आरोपी कोटवा बैराकाजी के निवासी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें