जनता लघु माध्यमिक विद्यालय बरुवा बितनिया में निरीक्षण के दौरान कापी देखती डीएम।
खैरीघाट (बहराइच)। जनता लघु माध्यमिक विद्यालय बरुआ बितनिया में डीएम ने बृहस्पतिवार को औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर बच्चों की कॉपियां देखने के बाद कई खामियां मिलीं। स्कूल की व्यवस्था भी खराब थी। इस पर बीईओ का तत्काल स्थानांतरण करने का आदेश बीएसए को दिया।
डीएम मोनिका रानी ने औचक जांच के दौरान कक्षा तीन व चार के छात्रों की कॉपियां देखीं। कापियों में न तो शिक्षक ने समय से कोई कार्य दिया था और न ही समय पर कापियां जांची जा रही थीं। स्कूल में आए किसी भी बच्चे ने न तो ड्रेस पहन रखी थी और न ही स्कूल बैग उनके पास था। कोई बोरे का झोला लेकर आया था तो कोई आंगनबाड़ी में मिलने वाले सामान के साथ प्लास्टिक के कैरी बैग में कॉपी-पेंसिल लेकर लेकर आया था।
यहां तक की बच्चों को अभी तक किताबें भी नहीं मिल पाई हैं। मध्यान्ह भोजन का हाल भी बेहाल मिला। मेन्यू के अनुसार भोजन नही बना था। जांच के दौरान स्कूल में शिक्षा व्यवस्था अत्यंत खराब पाई गई। इसके साथ ही आठ मई को बोर्ड बदलने के आदेश को भी लागू नही किया गया था। इस पर नाराज डीएम ने वहां के बीईओ जगन्नाथ यादव को तत्काल हटाने का आदेश बीएसए को दिया है।