शनिवार को हुजूरपुर के कारीडीहा में सावित्रीबाई फुले की जयंती मनाते लोग। -संवाद
बहराइच। प्रगतिशील विश्व मौर्य परिषद द्वारा शनिवार को हुजूरपुर ब्लॉक के कारीडीहा गांव में देश की पहली शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले की 195वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य राम करन मौर्य ने की और संचालन प्रदेश प्रवक्ता अजय मौर्य ने किया।
इस अवसर पर सम्राट जादूगर ने वैज्ञानिक चमत्कारों पर आधारित जादू दिखाकर बच्चों का मनोरंजन किया और उन्हें शिक्षा का महत्व बताया। प्रदेश अध्यक्ष आशीष कुमार मौर्य ने बताया कि सावित्रीबाई फुले ने अपने पति ज्योतिबा फुले से शिक्षा प्राप्त की और समाज में व्याप्त छुआछूत, सतीप्रथा, बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया।
वक्ताओं ने बताया कि उन्होंने महिलाओं के अधिकारों और शिक्षा के लिए पुणे में साल 1848 में देश का पहला बालिका विद्यालय खोला और अपने जीवनकाल में कुल 18 स्कूल स्थापित किए। इस मौके पर जिला सचिव अंचल मौर्य, धनंजय मौर्य, ग्राम प्रधान मंसाराम मौर्य, धर्मेंद्र मौर्य, अनीता मौर्य, सर्वेश मौर्य सहित बड़ी संख्या में शिक्षक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।