बहराइच। हम शपथ लेते हैं कि जन्म से पूर्व लिंग परीक्षण का विरोध करेंगे। बेटा एवं बेटी में भेद करने वाली हर सामाजिक कुरीतियों का बहिष्कार करेंगे। कन्या के जन्म का स्वागत करते हुए हर एक बेटी को पढ़ायेंगे। समुचित पोषण एवं गरिमामय व सशक्त जीवन प्रदान करने में सहायक होंगे और इस प्रतिज्ञा के साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान में सम्मिलित होते हुए अपना समर्थन प्रदान करते हैं। यह शपथ डीएम ने कलेक्ट्रेट में मौजूद लोगों को दिलाई।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला व ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता डीएम शंभु कुमार ने की। इस दौरान बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सप्ताह के तहत तिथिवार आयोजित होने वाली गतिविधियों के संबंध में निर्णय लिया गया कि 22 जनवरी को सभी सरकारी व गैर सरकारी विद्यालयों में 11 से चार बजे तक छात्रों के बीच पोस्टर, निबंध लेखन व वाल पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस कार्य के लिए समस्त बीडीओ, डीआईओएस, बीएसए व सभी बीईओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
23 जनवरी को 11 से चार बजे तक समस्त विकास खंडों पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संबंध में संगोष्ठी व धर्मगुरुओं की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्य के लिए समस्त बीडीओ व सीडीपीओ को उत्तरदायित्व सौंपा गया है। 24 जनवरी को 11 बजे से जिला महिला चिकित्सालय में डीएम व सीडीओ की उपस्थिति में कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन व उस तिथि को जन्म लेने वाली बालिकाओं को बेबी किट का वितरण, नुक्कड़ नाटक व फिल्म के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम एवं नवजात कन्याओं के नाम पर महिला चिकित्सालय परिसर में पौधरोपण किया जाएगा।
इसके बाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में दो बजे से राष्ट्रीय बालिका समारोह का आयोजन कर 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र व चेक का वितरण किया जाएगा। 25 जनवरी को 11 से चार बजे तक समस्त विकास खंडों की प्रत्येक ग्राम पंचायत में बालिका सुरक्षा एवं लिंगानुपात बढ़ाने के संबंध में परिचर्चा, महिलाओं को स्वास्थ्य, पोषण के साथ उनके हित में बनाए गए कानूनों के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना का प्रचार-प्रसार किया जायेगा। जागरूकता सप्ताह के अंतिम दिन 26 जनवरी को 11 बजे से विकास भवन सभागार में जिला स्तर पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों, स्कूल एसएमसी के सदस्यों, एनजीओ, खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। बैठक का संचालन डीडीओ/प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी राजेश कुमार मिश्र ने किया। इस मौके पर सीडीओ अरविंद चौहान, सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह, सीओ सिटी टीएन दुबे, डीआईओएस राजेंद्र कुमार पांडेय, बीएस एसके तिवारी, डीपीओ जीडी यादव, डीपीआरओ उमा शंकर पांडेय आदि मौजूद रहे।