बहराइच। सरयू नदी का जलस्तर बीते 24 घंटे से एल्गिन ब्रिज पर स्थिर बना हुआ है, लेकिन खतरे के निशान से महज सात सेंटीमीटर नीचे बह रही नदी ने तटवर्ती गांवों में दहशत बढ़ा दी है। सोमवार शाम चार बजे एल्गिन ब्रिज पर नदी का जलस्तर 106.00 मीटर दर्ज किया गया, जबकि खतरे का निशान 106.07 मीटर है। जलस्तर स्थिर रहने के बावजूद नदी की धारा ने महसी तहसील क्षेत्र में कटान तेज कर दिया। लोनियनपुरवा और मांझा के आसपास रात से अब तक करीब आठ किसानों की लगभग 12 बीघा कृषि योग्य जमीन नदी में समाहित हो चुकी है।
ग्रामीणों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है कि बैराजों से एक बार फिर बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा गया है। चौधरी चरण सिंह गिरजापुरी समेत विभिन्न बैराजों से सोमवार को कुल करीब 2.77 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे तटवर्ती इलाकों में नदी का जलस्तर फिर बढ़ने की आशंका गहरा गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरयू का जलस्तर स्थिर होने के बाद अचानक बढ़ता रहा है, ऐसे में बैराजों से छोड़े गए पानी का असर आने वाले 24 घंटों में दिखाई दे सकता है।
कटान की चपेट में आए किसानों में रामचंदर, देवतादीन, प्रभाकर, दुलारे, विकास और त्रियुगी समेत आठ किसान शामिल हैं। किसानों का कहना है कि देखते ही देखते उनकी मेहनत से तैयार खेत नदी की धारा में समा गए। जलस्तर स्थिर होने के बावजूद कटान नहीं रुकने से तटवर्ती ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
सिंचाई विभाग के उपखंड अधिकारी नंदू प्रसाद ने बताया कि सरयू नदी का जलस्तर फिलहाल स्थिर है। बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण तटवर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं, महसी के उपजिलाधिकारी राजेश अग्रवाल ने बताया कि राजस्व विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। कटान से हुए नुकसान का सर्वे कराया जा रहा है और सर्वे के आधार पर प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा।
सोमवार को जलस्तर की स्थिति
नदी/बैराज जलस्तर खतरे का निशान डिस्चार्ज
शारदा बैराज 134.90 मीटर 135.49 मीटर 31,337 क्यूसेक
गिरजापुरी बैराज 135.45 मीटर 136.78 मीटर 1,41,702 क्यूसेक
सरयू बैराज 130.20 मीटर 133.50 मीटर 4,445 क्यूसेक
तीनों बैराजों से सरयू में छोड़ा गया पानी : 2,77,484 क्यूसेक
एल्गिन ब्रिज पर जलस्तर 106.00 मीटर, लाल निशान 106.07 मीटर
घूरदेवी स्थान पर जलस्तर 111.88 मीटर, लाल निशान 112.15 मीटर