नवाबगंज (बहराइच)। थाने का सिपाही कोरोना संक्रमित मिलने से पुलिसकर्मियों में हड़कंप है। मंगलवार को थानाध्यक्ष समेत 26 महिला व पुरुष सिपाहियों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। नवाबगंज थाने में तैनात एक सिपाही सोमवार को जिला मुख्यालय से जारी की गई रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव निकला है। सिपाही को होम आइसोलेट करा दिया गया है।
वहीं मंगलवार को स्वास्थ्य टीम ने थानाध्यक्ष व अन्य सिपाहियों का सैंपल जांच के लिए भेजा है। स्वास्थ्य टीम ने थानाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह व थाने के महिला व पुरुष सिपाहियों का सैंपल लिया गया। उधर कस्बे में छह अन्य संक्रमितों के परिवारीजनों का सैंपल भी भेजा गया है।
वहीं उनके संपर्क में आए लोगों का भी सैंपल जल्द लिया जाएगा। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा प्रभारी डॉक्टर मुकीम अहमद ने बताया कि तीन दिन में सभी का सैंपल जिला मुख्यालय को भेजा जाएगा। इसके बाद लोगों में संक्रमण होने की पुष्टि होगी। तब तक सभी सोशल डिस्टेंस का पालन करें। मॉस्क लगाकर ही घर से बाहर निकलें।