मिहींपुरवा विकास खंड के घुमनाभारू कैंप परिसर में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में संघर्ष करते खिल?
- फोटो : BAHRAICH
उर्रा (बहराइच)। घुमनाभारू में एसएसबी 59वीं बटालियन की ओर से सोमवार को विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं कराई गईं। आठ टीमों के बीच हुए वालीबॉल प्रतियोगिता में गंगापुर की टीम को हराकर सलारपुर की टीम ने फाइनल मैच अपने नाम किया। विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
एसएसबी 59वीं बटालियन की ओर से घुमनाभारू कैंप परिसर में सामाजिक चेतना अभियान के तहत खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को हुआ। कमांडेंट अशोक कुमार ओला के निर्देशन में हुई प्रतियोगिता में पहले क्रिकेट मुकाबला हुआ। कमांडेंट ने बताया कि क्रिकेट में कौवाभारी, घुमनाभारू, सलारपुर और चितलहवा की टीम ने प्रतिभाग किया। क्रिकेट में घूमनाभारू की टीम विजेता रही। उपविजेता सलारपुर की टीम रही।
वालीबॉल प्रतियोगिता में बार्डर की आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। कमांडेंट ने बताया कि वालीबॉल का फाइनल मैच सलारपुर और गंगापुर की टीम के बीच खेला गया जिसमें दो राउंड में सलारपुर की टीम ने गंगापुर की टीम को हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इसके बाद विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को कार्यवाहक कमांडेंट ने सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि एसएसबी द्वारा कराई जा रही खेल प्रतियोगिताओं से ग्रामीण प्रतिभाएं निखर रही हैं। इसमें गांव के खिलाड़ी प्रतिभाग करें। अंत में कौवाभारी और सलारपुर के नन्हें बच्चों को खेल सामग्री देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसएसबी के अधिकारी व जवान के साथ ग्रामीण मौजूद रहे।