2675 परीक्ष्बहराइच। यूपी बोर्ड की परीक्षा सोमवार को दो पालियों में आयोजित हुई। हाईस्कूल की चित्रकला की परीक्षा से सबसे अधिक परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। दो पालियों में आयोजित हुई परीक्षा से कुल 2675 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। डीआईओएस ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए नकल रोकने के लिए कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से जिले के 87 केंद्रों पर सोमवार को सुबह की पाली में हाईस्कूल व इंटर की परीक्षाएं आयोजित की गईं। सुबह की पाली में हाईस्कूल की चित्रकला में 27701 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, लेकिन परीक्षा में 25208 परीक्षार्थी ही शामिल हुए। 2493 परीक्षार्थियों ने एग्जाम छोड़ दिया। हाईस्कूल के रंजन कला में पंजीकृत चार परीक्षार्थी शामिल हुए। इसी तरह इंटर के कृषि, गणित में पंजीकृत 98 परीक्षार्थियों में से 91 और कृषि रसायन में पंजीकृत 93 परीक्षार्थियों में से 81 परीक्षार्थी शामिल हुए।
उधर, दूसरी पाली में हाईस्कूल के कंप्यूटर की परीक्षा में पंजीकृत 231 परीक्षार्थियों में से 217 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि इंटर के मनोविज्ञान में पंजीकृत 10 परीक्षार्थियों में से एक परीक्षार्थी ने परीक्षा नहीं दी। इंटर के शिक्षा शास्त्र की परीक्षा में 2577 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 2433 परीक्षार्थी शामिल हुए। जबकि 144 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र पांडेय ने राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज समेत अन्य कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। केंद्र व्यवस्थापकों को नकल रोकने के लिए हर समय सजग रहने के निर्देश दिए गए।
कंट्रोल रूम से भी लिया जायजा
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र पांडेय ने सोमवार को आयोजित बोर्ड परीक्षा का जायजा ऑनलाइन भी लिया। माध्यमिक शिक्षा अभियान कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम से डीआईओएस ने परीक्षा की स्थिति जांची। कंट्रोल रूम के द्वारा सीसीटीवी कैमरा संचालन और रिकॉर्डिंग की व्यवस्था जांची।