टिकोरामोड़ के पास बस यात्रियाें को किराया लौटाता कंडक्टर।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बहराइच (ब्यूरो)। लखनऊ से चलकर बहराइच पहुंची शताब्दी बस का एसी खराब होने पर यात्री भड़क उठे। टिकोरामोड़ के पास बस रुकते ही यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। पैसे वापस मांगे। इस पर परिचालक और यात्रियों में नोंकझोंक हुई।
परिचालक ने कुछ यात्रियों को तो पैसे वापस कर दिए, जबकि कई लोगों को नहीं किए। इस मामले में यात्रियों ने एआरएम से शिकायत की गई है। एआरएम ने मामले की जांच का निर्देश देते हुए लखनऊ के अधिकारियों को अवगत कराया है।
बहराइच-लखनऊ के बीच शताब्दी एसी बस सेवा शुरू की गई है। ये बस शुरू हुए अभी एक माह ही हो रहे हैं लेकिन खामियां आना शुरू हो गई हैं। गुरुवार सुबह 10 बजे के आसपास लखनऊ के कैसरबाग डिपो की बस (यूपी 41 टी 2407) 36 यात्रियों को लेकर बहराइच के लिए रवाना हुई।
बाराबंकी के निकट ही बस के एयर कंडीशन ने काम करना बंद कर दिया। इस कारण यात्री बेहाल रहे। जैसे-तैसे सभी ने बहराइच तक यात्रा पूरी की। बस के कोतवाली देहात अंतर्गत टिकोरामोड़ पुलिस चौकी के निकट रुकते ही यात्रियों ने किराया वापसी को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
परिचालक से तीखी नोंकझोंक हुई। इसके बाद कंडक्टर ने छह यात्रियों को पैसे वापस किए, जबकि अन्य यात्रियों से किनारा कस लिया।
बस के बहराइच बस अड्डा पहुंचने पर कानपुर निवासी दिनेश कुशवाहा, लखनऊ निवासी मनोज श्रीवास्तव व बहराइच निवासी डॉ. तनवीर सिद्दीकी ने एआरएम अवधेश पाल से शिकायत की। एआरएम ने बताया कि बस की एसी खराब होने के मामले में जांच के निर्देश दिए गए हैं।