फखरपुर (बहराइच)। बहराइच-लखनऊ राजमार्ग के बसंतापुर मोड़ के पास बुधवार देर रात एक कार को सामने से आ रही बस ने टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक व कार सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार क्षतिग्रस्त होने के कारण फंसे लोगों को निकालने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर फखरपुर थाना क्षेत्र के गजाधरपुर चौराहे से आगे बसंतापुर मोड़ है। मोड़ के पास लखनऊ की ओर से एक वैगन बहराइच आ रही थी। जबकि जिला मुख्यालय से लखनऊ के लिए रोडवेज बस जा रही थी। मोड़ के पास एक वाहन को ओवरटेक करते ही सामने आई बस ने कार को टक्कर मार दी। जिससे कार सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक एके सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त थी। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला। प्रभारी निरीक्षक ने कार के चालक जरवलरोड के नत्थनपुर निवासी संदीप से बात करने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ बताने से पहले ही बेहोश हो गया। एक महिला समेत पांच कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं रोडवेज बस में सवार खैरीघाट के रामपुर धोबियाहार निवासी यात्री सालिकराम भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी घायलों को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज बहराइच में भर्ती कराया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि रोडवेज चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया। बस और कार को कब्जे में ले लिया गया है।
आधे घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस
घटना की सूचना मिलते ही फखरपुर थाने के उपनिरीक्षक फिरोज अहमद व अयोध्या प्रसाद पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए थे। तत्काल एंबुलेंस के लिए फोन किया गया। मगर फखरपुर से एंबुलेंस को पहुंचने में आधा घंटा लग गया। सभी घायल सड़क पर ही पड़े तड़प रहे थे।