बहराइच। तेज बरसात होने से सड़कों के निर्माण में की गई मानकों की अनदेखी उभरकर सामने आ गई है। बरसात के चलते पानी भरने से कई जगहों पर सड़कों की गिट्टियां गायब हो गई हैं। सड़कों पर बड़े-बड़े पत्थर ही नजर आ रहे हैं।
जिले में एक साल के अंदर 1500 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाने का दावा किया गया है, जिस पर करीब 43 अरब रुपये खर्च किए जा चुके हैं। अरबों रुपये की लागत आने के बाद भी सड़कें बदहाल हो गई हैं। इससे लोगों का बदहाल सड़कों पर चलना दुश्वार हो गया है। ग्रामीण इलाकों में भी जर्जर सड़कों से गुजरना मुश्किल हो गया है।
जनपद में दो दिन पहले तेज बरसात हुई थी। मौसम विभाग के अनुसार करीब सौ मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई थी। तेज बरसात ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया था। बरसात के बीच ब्राडबैंड से लेकर बिजली आपूर्ति तक ठप हो गई थी। इसी बरसात में सड़कों की हालत भी खराब हो गई।
शहरी इलाके में सड़कों पर करीब तीन से चार फुट तक पानी भर गया था। इससे सड़कों के निर्माण में मानकों की अनदेखी खुलकर सामने आ गई है। शहर क्षेत्र में सड़कों की हालत बदतर हो गई है। घंटाघर से अस्पताल चौराहा जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं।
जिला प्रशासन की ओर से एक साल के अंदर 1500 किलोमीटर नई सड़कों के निर्माण का दावा किया गया है, जिस पर एक साल में ही 43 अरब 41 लाख रुपये खर्च भी किए जा चुके हैं। लेकिन इतनी बड़ी रकम खर्च होने के बाद भी सड़कों पर बने गड्ढे निर्माण कार्यों में बरती गई धांधली की बानगी को बयां कर रहे हैं। कई स्थानों पर सड़कें पूरी तरह से उखड़ गई हैं। सड़कों पर बड़े-बड़े पत्थर हादसों का सबब भी बन रहे हैं।
पुलिस लाइन रोड
गुरुनानक चौक से पुलिस अधीक्षक आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर सदर विधायक और पूर्व बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जायसवाल के आवास के ठीक सामने सड़क पर बड़ा गड्ढा हो गया है। आधी सड़क में पानी भरा रहता है। इस मार्ग पर कई स्कूलों के होने के कारण स्कूली बच्चों के हादसों में घायल होने की संभावना भी बनी रहती है।
छोटी बाजार रोड
शहर के घंटाघर मुख्य चौराहे से मुड़ते ही सबसे बड़ा गड्ढा मिलता है। इसके बाद चित्रशाला टॉकीज से आगे बढ़ने पर मिश्रा धर्मशाला जाने वाले मोड़ पर ही सड़क टूटी हुई है। इस मोड़ पर कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। छोटी बाजार मुख्य चौराहे और ट्यूबवेल के करीब भी सड़क पूरी तरह से उखड़ चुकी है। कानूनगोपुरा चौकी के निकट भी हालात काफी खराब हैं।
रायपुर राजा रोड
जेल रोड स्थित इलाहाबाद बैंक के मंडलीय कार्यालय के ठीक सामने से आल सेंट पब्लिक स्कूल जाने वाले मार्ग की हालत खराब है। बरसात के बीच मार्ग पर लगी इंटरलॅाकिंग पूरी तरह से उखड़ चुकी है। वहीं स्कूल के ठीक सामने बनी पक्की सड़क भी जर्जर हो गई है। गिट्टियां उखड़ जाने से पत्थर बाहर आ गए हैं। जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों के घायल होने का खतरा भी बना हुआ है।
फायर स्टेशन रोड
शहर के पीपल चौैराहा से होकर फायर स्टेशन जाने वाले मार्ग पर गुरुद्वारा स्थित है। गुरुद्वारे के ठीक सामने ही बरसात के कारण मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। मोड़ होने के कारण कई बार तेज रफ्तार बाइक सवार गिरकर घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से मार्ग को ठीक कराए जाने को लेकर कोई कदम नहीं उठाए गए हैं।
मार्ग निर्माण की करायी जाएगी जांच
तेज बरसात के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के जर्जर होने की सूचना मिली है। लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका से सूचनाएं मांगी गई हैं। जहां भी मानकों की अनदेखी की गई होगी। जांच कराकर उन सभी मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
- अरविंद चौहान, सीडीओ बहराइच