भानीरामका धर्मशाला में समारोह में शिक्षकों को सम्मानित करते अतिथि।
बहराइच। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ चित्तौरा की ओर से शुक्रवार को भानीरामका अतिथि भवन स्टेशन रोड पर सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष विद्या विलास पाठक ने की, जबकि संचालन मंत्री भूपेंद्र प्रसाद श्रीवास्तव ने किया। रजनीश पाठक ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षकों को अंगवस्त्र, धार्मिक पुस्तक, डायरी, पेन और मिष्ठान देकर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री से पुरस्कार प्राप्त शिक्षक भानु प्रताप मिश्र का भी स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त प्रांतीय मुख्य संरक्षक राधाकृष्ण पाठक ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होता है। सेवानिवृत्ति केवल विभागीय नियम है, शिक्षक कभी शिक्षण कार्य से मुक्त नहीं होता। वह हमेशा समाज को दिशा देता रहता है। उन्होंने कहा कि शिक्षक संस्कृति और सभ्यता को आगे बढ़ाने का काम करता है। जो राष्ट्र शिक्षकों का सम्मान करता है, वही आगे बढ़ता है।
राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री राधेश्याम कनौजिया और प्रांतीय संयुक्त मंत्री बलवंत सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों में नई ऊर्जा भरते हैं। जिला महामंत्री प्रवीण श्रीवास्तव और जिला मंत्री रामकुमार पांडेय ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में विश्वनाथ पाठक, रामकेश सिंह, सुमन प्रधान, नंदा देवी, गुलफिशा, अर्चना पाठक और नसीम जहां समेत अन्य शिक्षक सम्मानित हुए। राष्ट्रगान के साथ समारोह संपन्न हुआ।