बहराइच/जरवल। अहमदशाह नगर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक की कोरोना के चलते लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रोटोकॉल के तहत शव का जरवल में अंतिम संस्कार करा दिया गया। उधर कोरोना से संक्रमित 18 और लोग मिले हैं। इनमें से कुछ को होम आइसोलेट कराने के साथ कुछ लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
जिले में कोरोना संक्रमण बढ़ने के साथ ही मृतकों की संख्या में भी निरंतर इजाफा हो रहा है। ऐसे में जिलेवासी सशंकित हैं। जरवल नगर पंचायत के मोहल्ला अहमदशाह नगर कटरा निवासी हयात अहमद (68) सेवानिवृत्त प्रवक्ता थे। परिवारीजनों ने बताया कि रविवार को तबियत खराब होने पर उनको मेडिकल कॉलेज लखनऊ में भर्ती कराया गया।
वहां सोमवार को कोरोना जांच हुई, रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। मंगलवार देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रोटोकॉल के तहत सेवानिवृत्त शिक्षक का शव एंबुलेंस से घर भेजा गया। यहां बुधवार को अंतिम संस्कार हुआ। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतक के परिवार के लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा है।
उधर जिले में बुधवार को कोरोना के 18 और मामले सामने आए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि जहां के लोग संक्रमित मिले हैं, वहां पर स्वास्थ्य टीम भेजी गई है। बताया कि कुछ लोगों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराने के साथ कुछ संक्रमितों को होम आइसोलेट करा दिया गया है। सीएमओ ने कहा कि लोग कोरोना संक्रमण को हल्के में न लें। बिना मास्क के घर से न निकलें। हाथ साबुन से धुलते रहें जिससे संक्रमण को दूर भगाया जा सके।