बहराइच। शहर के छावनी बाजार निवासी कोरोना संक्रमित सेवानिवृत्त शिक्षक की इलाहाबाद में मौत हो गई। चिकित्सकों के मुताबिक वह हार्ट के भी मरीज थे। वहीं शुक्रवार को 28 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इसमें एसडीएम कार्यालय के 10 कर्मचारी भी संक्रमित पाए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जबकि शहर क्षेत्र के लोगों को होम आइसोलेट करा दिया गया है। उधर, एसडीएम कार्यालय को सील करते हुए सैनिटाइजेशन के लिए 48 घंटे तक बंद कर दिया गया है।
शहर के मोहल्ला छावनी बाजार निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक इलाहाबाद में पुत्र के यहां रहते थे। वहां पर जांच के दौरान वह कोरोना पॉजिटिव निकले थे। उनके हार्ट में भी परेशानी थी। जिस पर उनका हार्ट का सफल ऑपरेशन कराया गया था। इसके बाद इलाहाबाद में ही कोरोना संक्रमित सेवानिवृत्त शिक्षक की मौत हो गई। कोरोना प्रोटोकॉल के तहत इलाहाबाद में ही उनका अंतिम संस्कार करा दिया गया है।
उधर, शुक्रवार को जारी की गई जांच रिपोर्ट में 28 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसमें एसडीएम कार्यालय के 10 कर्मचारी भी शामिल हैं। सीएमओ डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के कोरोना संक्रमितों को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि शहर क्षेत्र के मरीजों को होम आइसोलेट करा दिया गया है। सीआरओ प्रदीप कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमित मिलने के बाद एसडीएम कार्यालय को बंद करा दिया गया है। सैनिटाइजेशन कराए जाने के बाद 48 घंटे बाद कार्यालय पुन: खोला जाएगा।