गणतंत्र दिवस गुरुवार को जिले मेें पूरे उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए सरकारी स्तर के साथ ही शैक्षणिक संस्थाओं में भी ध्वजारोहण समेत अन्य कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है। पुलिस लाइन में परेड सलामी के साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। वहीं, गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शहर के सभी सरकारी और अर्द्ध सरकारी प्रतिष्ठान झालरों से जगमगा उठे।
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के रूप में धूमधाम से मनाया जाएगा। जिले के सरकारी भवनों में सुबह साढ़े आठ बजे तिरंगा फहराया जाएगा। जबकि शैक्षणिक संस्थानों में सुबह दस बजे झंडारोहण होगा। सुबह प्रभातफेरी निकाली जाएगी, जो गेंदघर से लेकर नगर पालिका तक निकलेगी।
इसके साथ ही हुजूरपुर रोड पर साइकिल रेस प्रतियोगिता आयोजित होगी, जो दस किलोमीटर की होगी। सीडीओ राकेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया गया है। उधर, पुलिस लाइन ग्राउंड में परेड सलामी का आयोजन होगा। पुलिस अधीक्षक सालिकराम वर्मा ने बताया कि परेड का रिहर्सल हो चुका है। सुबह नौ बजे से परेड होगी। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गणतंत्र दिवस के मौके पर जिले के सभी सरकारी और अर्द्ध सरकारी प्रतिष्ठानों को विद्युत झालरों से सजाया गया है। जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज बिक रहे हैं। खासकर बच्चों में गणतंत्र दिवस को लेकर अधिक उत्साह है। बच्चों ने दुकानों पर झंडे खरीदे।